कच्चा तेल सस्ता, फिर भी ईंधन महंगा क्यों? खड़गे ने केंद्र पर साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि 2014 में जब नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभाली थी, तब कच्चे तेल की कीमतें 108.05 डॉलर प्रति बैरल थीं और उस समय पेट्रोल 71.51 रुपये और डीजल 56.71 रुपये प्रति लीटर था।
खड़गे के मुताबिक, वर्तमान में कच्चे तेल की कीमत 99 डॉलर प्रति बैरल से कम होने के बावजूद पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़कर क्रमशः 102.12 रुपये और 95.20 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई हैं। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान पेट्रोल करीब 42.8% और डीजल करीब 67.9% महंगा हुआ है।
उन्होंने सरकार पर मुनाफाखोरी का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि जब कच्चा तेल सस्ता है तो जनता को राहत क्यों नहीं मिल रही।
इसी बीच, सीएनजी की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़ाकर 83.09 रुपये कर दिए हैं।