यूपी में फर्जी एनकाउंटरों के जरिए भय की राजनीति: अखिलेश यादव का सरकार पर हमला
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और बिजली संकट को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। सपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में फर्जी एनकाउंटरों के जरिए भय और वर्चस्व की राजनीति की जा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की मर्जी से होने वाले हर एनकाउंटर पर सवाल उठते हैं और इससे पीडीए वर्ग को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नफरत और डर का माहौल बनाया जा रहा है और समाज में भाईचारे की परंपरा कमजोर हो रही है।
उन्होंने जौनपुर में एक यादव पुजारी के कथित फर्जी एनकाउंटर का भी जिक्र किया और कहा कि ऐसे मामलों से परिवारों को गहरी पीड़ा झेलनी पड़ती है। साथ ही, उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई परिवार सामने आकर फर्जी मुठभेड़ों के आरोप लगा रहे हैं।
बिजली संकट को लेकर अखिलेश ने सरकार को घेरते हुए कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित कटौती से जनता परेशान है, लेकिन सरकार समाधान करने में विफल रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ रहे हैं और प्रदेश विकास के बजाय अव्यवस्था की ओर जा रहा है।