BARC रेटिंग हेराफेर: केरल पुलिस ने दर्ज की FIR

केरल पुलिस ने ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (BARC) की टीवी रेटिंग में बड़े पैमाने पर हेरफेर के आरोप में FIR दर्ज की है। कोच्चि के कलामस्सेरी पुलिस स्टेशन ने यह केस BARC के सीनियर मैनेजर प्रेमनाथ और मलयालम न्यूज़ चैनल ‘रिपोर्टर चैनल’ के मालिक के खिलाफ दर्ज किया है। ट्वेंटीफोर न्यूज़ के चीफ एडिटर आर. श्रीकंदन नायर ने केरल के मुख्यमंत्री को एक शिकायत दी थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर DGP ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित की। SIT की प्रारंभिक जांच में पुख्ता सबूत मिलने के बाद FIR दर्ज हुई। शिकायत में आरोप है कि रिपोर्टर चैनल ने पैसे देकर BARC रेटिंग में हेरफेर कराया, जिससे विज्ञापनदाता, अन्य चैनल और दर्शक गुमराह हुए।

जांच में सामने आया कि BARC कर्मचारी प्रेमनाथ के वॉलेट अकाउंट में केरल के एक चैनल मालिक के खाते से कई करोड़ रुपये की क्रिप्टोकरेंसी ट्रांसफर की गई। प्रेमनाथ ने कथित तौर पर चैनल मालिकों को उन घरों की इंडेक्स डिटेल्स भी मुहैया कराईं जहां BARC मीटर लगे थे, ताकि रेटिंग को कृत्रिम रूप से बढ़ाया जा सके। श्रीकंदन नायर ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री और BARC के CEO को भी शिकायत भेजी थी। न्यूज़ ब्रॉडकास्टर्स फ़ेडरेशन ने भी BARC की विश्वसनीयता बहाल करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *